जालंधर/आदमपुर/नई दिल्ली। WEATHER UPDATE : मौसम विभाग की मानें तो प्री मानसून एक्टिव हो गया है। इस प्री-मानसून का असर भारी बारिश के रूप में पंजाब सहित दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर दिखाई देगा। अगले 16 से 19 मार्च के बीच चार दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है।
India Meteorological Department (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।
राजस्थान में भी प्री-मानसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 19 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का रुख बदलने लगा है। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के कई हिस्सों में 16 से 19 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर 16 और 19 मार्च को कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि 17 और 18 मार्च को भी हल्की से मध्यम बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान तेज हवा चलने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।





