No law and order :पुलिस सुस्त, कुछ दिनों में 7 वारदातें
No law and order :जालंधर के वडाला एरिया में अप्रैल से लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा वारदात में लुटेरे एक चौकीदार को हमला कर जख्मी कर भाग गए। लुटेरे बात करने के बहाने रुके और हमला कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और अपराधियों को पुलिस की मौजूदगी का कोई डर नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल के दिनों में सुबह सैर पर निकली एक महिला से फोन छीनने की वारदात सामने आई। वहीं घर के बाहर खेल रही एक लड़की के गले से सोने की चेन झपटने की घटना ने भी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
एक अन्य घटना में युवक सब्जी वाले को लूट कर भाग गए।

23 अगस्त को एक व्यक्ति से मोबाइल और चांदी के गहने लूट कर भाग गए।
इससे पहले भी तीन युवकों द्वारा एक अखबार विक्रेता को गिराकर उसके साथ मारपीट करने और सामान लूटकर फरार होने की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन वारदातों के चलते स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि पुलिस की पर्याप्त पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण अपराधियों को कानून का डर नहीं रह गया है। उनका कहना है कि वडाला और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध युवकों पर नजर रखी जाए और पुरानी वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस कमिश्नर से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने और संबंधित थाने की पुलिस को क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी ढंग से लगाम लगाने के निर्देश देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और सड़क पर निकलने वाले लोगों को अपराधियों का डर महसूस नहीं होना चाहिए।





