मुंबई के रोमांटिक और लव स्पॉट्स
हरिगोविंद विश्वकर्मा
दुनिया वालों से दूर, जलने वालों से दूर, आ जा आ जा चलें कहीं दूर कहीं दूर… मुकेश-लता का गाया ‘उजाला’ फिल्म का यह गाना कभी हर प्रेमी युगल की ज़बान पर होता था। प्रेमी-युगल इसे गुनगुनाते हुए वैलेंटाइन्स डे को घर से बाहर ऐसी जगह निकल जाते थे, जहां उन्हें नितांत एकांत मयस्सर होता था। वैलेंटाइन्स डे पर हर प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे का साथ चाहते हैं, थोड़ा एकांत चाहते हैं। मुंबई यह ज़रूरत पूरा करती है।
वैसे मुंबई में एकांत देने वाले कई स्थान हैं, जो मोहब्बत करने वालों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। इसीलिए इस शहर को सपनों का शहर भी कहा जाता है। इसलिए वैलेंटाइन्स डे पर जो मुंबई में हैं, वे निश्चित रूप से ख़ुशकिस्मत हैं। मोहब्बत और रोमांस इस शहर की फ़िज़ाओं में बसता है। वैलेंटाइंस डे मनाने के लिए मरीन ड्राइव से लेकर जूहू-वर्सोवा-अक्सा बीच तक अनेक जगहें हैं, जहां गल-बहियां डाले युवक-युवती अपने प्रेमी-प्रेमिका की बांहों में खोए रहते हैं।
छोटा कश्मीर
मुंबई के गोरेगांव पूर्व के आरे मिल्क कॉलोनी वन क्षेत्र में एक हरा-भरा स्थान छोटा कश्मीर भी है। यह पेड़ों से घिरा हुआ है, एकांत झील के आसपास का इलाक़ा है, जहां प्रेमी-युगल नौका विहार करते हैं। यह मुंबई के अन्य हिस्सों के विपरीत है और यहां चारों ओर हरा है। पेड़ों के बीच सुखदायक वातावरण और एक-दूसरे की कंपनी का आनंद लेने के लिए मोहब्बत करने वाले यहां जाते रहते हैं। झील के ऊपर जाने पर बहुत एकांत स्थान मिलता है। प्रेम-दीवाने वहां बैठकर अपने महबूब के साथ अक्सर गुफ़्तगू करते हुए देखे जाते हैं।
बैंडस्टैंड प्रोमेनेड
इन लविंग स्पॉट या रोमांस स्थल में सबसे ज़्यादा लोकप्रिय है उपनगरों की रानी के नाम से मशहूर बांद्रा का बैंडस्टैंड प्रोमेनेड। 19वीं सदी में कई ब्रिटिश उपनिवेशों में ब्रॉस बैंड स्थल बने थे। उसके बाद बांद्रा समुद्र तट पर भी बैंड बजने लगे थे। इसीलिए इसका नाम बैंडस्टैंड पड़ा। सेंट ऐंड्रयू चर्च से लैंड्सएंड के बीच सवा दो किलोमीटर लंबा खूबसूरत समुद्री किनारा है। यहां की ऊंची-नीची शिलाएं प्रेमियों को बहुत भाती हैं। यहां पहाड़ों पर बैठना और समुद्र की लहरों को देखने और उनसे अठखेली करने का मज़ा ही कुछ और है।
कार्टर रोड सी फेस
बांद्रा पश्चिम में प्रेम-स्थल कहे जाने वाले बैंडस्टैंड प्रोमेनेड के ठीक बगल में स्थित कार्टर रोड मुंबईकरों, ख़ासकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय स्थानों में से एक है। अपने पार्टनर के साथ रोमांटिक डेट पर जाने का यह सबसे बेहतरीन स्थानों में से एक है। यहां का समुद्रतट बैंडस्टैंड की तुलना में कम भीड़ वाला होता है। जिससे यहां प्रेमी-युगल को ज़्यादा एकांत और प्राइवेसी मिल जाती है। इसीलिए धीरे-धीरे यह बेहद लोकप्रिय होता गया है। शम ढलते ही यहां प्रेमी-युगल का बसेरा हो जाता है और वे रात ढलने तक एक दूसरे की बांहों में खोए रहते हैं।
गिरगांव चौपाटी
अपने वैलेंटाइन के साथ मरीन ड्राइव यानी क्वीन्स नेकलेस और गिरगांव चौपाटी जाने का अलग ही मज़ा है। अरब सागर तट पर एनसीपीए से गिरगांव चौपाटी तक ‘सी’ आकार की सड़क स्ट्रीट-लाइट्स से सजी रहती है। यहां महबूब के हाथ में हाथ डालकर चहलक़दमी करना, एक अलग ही एहसास दे जाता है। इस स्थान पर समुद्र तट की रेत में प्रेमी-युगल घंटों बैठे रहते हैं और एक दूसरे की कंपनी तो इन्जॉय करते रहते हैं। वैसे तो गिरगांव चौपाटी का भेलपुरी जग प्रसिद्ध है और यहां आने वाले प्रेमी युगल भेलपुरी ज़रूर खाते हैं।
वर्ली सी फेस
समुद्र तट पर वैलेंटाइन सेलिब्रेट करने वाले प्रेमी युगलों के लिए मुंबई में ढेर सारी जगहें हैं। उनमें मध्य मुंबई का वर्ली सी फेस रोड भी है। यहां पर पूरी शाम शांतिपूर्वक बैठ कर गुजारी जा सकती हैं। यहां अपनी वैलंटाइन के साथ सूरज को समंदर में समाते हुए देख सकते हैं। शाम ढलने पर चांदनी रात में चांदी सी रेत पर हाथों में हाथ डाले टहल सकते हैं। इस तरह अपने वैलंटाइंस डे यादगार बना सकते हैं। आजकल वर्ली सी फेस पर भी बड़ी तादाद में मोहब्बत करने वाले दस्तक देने लगे हैं। जिससे यह स्थान हरदम गुलज़ार रहता है।
जुहू-वर्सोवा बीच
शाम ढलने के बाद वैलंटाइन के साथ घूमने वालों के लिए जुहू बीच और वर्सोवा का बीच शानदार विकल्प है। जुहू में घूमने आने वालों की बहुत ज्यादा भीड़ होती है, इससे वहां शोर-शराबा रहता है। इसके चलते यहां प्राइवेसी में खलल पड़ता है, लेकिन वर्सोवा बीच शानदार है। वहां पर पूरी शाम एकदम शांति पसरी रहती है। इसलिए प्रेमी-युगल यहां सुकून से अपना वक़्त गुज़ारते हैं। इसीलिए यहां समुद्र तट पर देर शाम तक प्रेमी-युगल गलबहियां डाले खोए रहते हैं तो कई चुंबन लेते हुए देखे जा सकते हैं। कुल मिलाकर यह बड़ी रोमांटिक जगह है।
मड आइलैंड
मालाड पश्चिम में समुद्र तट पर मड आइलैंड प्रेमियों के बीच बहुत लोकप्रिय स्थान माना जाता है। यह मुंबई में सबसे साफ-सुथरे समुद्र तटों में से एक है। यह क्षेत्र मैंग्रोव से घिरा हुआ है जो इस समुद्र तट को बेहद आकर्षक और ख़ास बनाते हैं। यहां समुद्र तट पर प्रेमी-युगल हाथों में हाथ डालकर चलने की रोमांटिक इच्छा को पूरी करते हैं। कुछ शांत और एकांत की तलाश करने वालों के लिए यह सर्वोत्तम स्थान है। इसीलिए बड़ी संख्या में प्रेमी-युगल यहां दिन भर आते और प्रेममय जीवन को इन्जॉय करते रहते हैं।
संजय गांधी पार्क
जो लोग प्राकृतिक सौंदर्य के बीच अपना वैलेंटाइंस डे मनाने की सोच रहे हैं, उनके लिए संजय गांधी नेशनल पार्क सर्वोत्तम जगह है। यहां हर प्रेमी युगल तमाम चिंता, परेशानी और अवसाद भूलकर प्रकृति की गोद में खो जाता है। अधिक वृक्ष होने की वजह से इस इलाके को लंग्स ऑफ द सिटी कहा जाता है। विविध प्रकार की हरियाली के बीच वैलेंटाइन का प्यार यहां फूलों की खुशबुओं की तरह महकता है। यहां प्रेमी-युगल घंटों गलबहियां डाले सोए देखे जा सकते हैं। इसीलिए इस जगह को प्रेमीयुगल सबसे ज्यादा पसंद करते है।
गेटवे ऑफ इंडिया
मुंबई का सबसे मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन गेटवे ऑफ इंडिया वैलेंटाइंस डे पर भी गुलजार रहता है। इस स्थान को मुंबई का सिंबल भी कहा जाता है। इसके आसपास अगर आपको भीड़ ज्यादा लगे तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप यहां अपने वेलेंटाइन के साथ अरब सागर में बोट राइड ले सकते हैं या दिल करे तो उसे लेकर 12 किलोमीटर दूर एलिफेंटा गुफा भी जा सकते हैं। अपने प्रियतम के साथ समुद्र की शेर करने का मज़ा ही कुछ और है। आप यहां के समुद्र की सैर को जीवन भर याद रखेंगे।
अर्नाला बीच
मुंबई से 50 किलोमीटर दूर निकट वसई गांव में अर्नाला बीच नामक रोमांटिक स्थल है। यहां अर्नाला किला भी है। जल के बीच द्वीप पर बना होने के कारण इसे जलदुर्ग या जंजीरे-अर्नाला भी कहा जाता है। यह बड़ा ख़ूबसूरत और मनोरम इलाक़ा है। यहां भी समुद्र तट पर अपने महबूब के साथ बैठना और गुफ़्तगू करना बेहद सुकून देता है। प्रेम करने वालों के बीच यह स्थान भी बहुत लोकप्रिय माना जाता है। यहां प्रेमी युगल अक्सर पहुंचते रहते हैं। आप आकर आप अपने वेलेंटाइन का इस प्रेम दिवस पर ख़ुश कर सकते हैं।
एलीफेंटा केव
अपने महबूब के साथ समुद्र में नौका विहार करने के अलावा एकांत स्थान की तलाश करने वालों के लिए एलीफेंटा यानी घारापुरी शानदार जगह है। गेट वे ऑफ इंडिया से क़रीब 12 किलोमीटर दूर स्थित यह स्थान अपनी कलात्मक गुफाओं के कारण प्रसिद्ध है। इस समुद्री रास्ते को लॉन्च से तय किया जाता है। यहां कुल सात गुफाएं हैं। यह महाराष्ट्र का मशहूर पर्यटन स्थल है। यहां जंगल भी है, जहां सुकून के साथ अपने साथी के साथ लोग बैठते हैं।