Congress Meeting- तय होगी रणनीति, गुटबाजी खत्म करने के सख्त निर्देश मिल सकते हैं
जालंधर। Congress Meeting : ‘मिशन 2027’ के लिए Congress Meeting : ‘मिशन 2027’ -पंजाब कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक 13 मार्च को राजधानी दिल्ली में हो रही है। यह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल ने बुलाई है जिसमें पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।
पंजाब कांग्रेस को हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की हार के बाद 2027 में सत्ता में वापसी की उम्मीद जगी है। यह पंजाब प्रभारी बघेल की दूसरी बैठक है, जो कांग्रेस के नए बने AICC हेडक्वार्टर में सुबह 10 बजे होगी। इस बैठक में पंजाब में कांग्रेस की स्थिति समेत कई अन्य मुद्दों पर गहन चर्चा हो सकती है।
Congress Meeting : कई सीनियर नेता दिल्ली पहुंचे
बैठक के लिए पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह दूलो, पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर राणा केपी और पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा आदि नेता दिल्ली पहुंच गए हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और राजस्थान कांग्रेस के इंचार्ज और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।

मालूम हो कि पंजाब कांग्रेस के प्रभारी बनने के बाद भूपेश बघेल पंजाब और चंडीगढ़ आए थे, जहां उन्होंने पंजाब के वरिष्ठ नेतृत्व और अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात कर पार्टी की ताजा स्थिति की जानकारी ली थी। उस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व के विचारों और समस्याओं पर भी चर्चा की थी। इसके बाद बघेल ने पार्टी आलाकमान से इस पर चर्चा की थी।
पार्टी हाइकमान का साफ संदेश
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में मिशन 2027 को लेकर अहम मुद्दों पर नेताओं की राय ली जाएगी ताकि अगली रणनीति बनाई जा सके। साथ ही पंजाब में कांग्रेस नेताओं की आपसी गुटबाजी खत्म करने के सख्त निर्देश जारी किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, अब पार्टी हाइकमान ने साफ संदेश दिया है कि पार्टी में वरिष्ठता और योग्यता के हिसाब से काम होगा।
‘दो-मुंहे नेताओं से नाराज हैं राहुल गांधी’
गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी ने गुजरात में एक समागम में कहा था कि उनकी पार्टी के कुछ नेता भाजपा से मिले हुए हैं, जिनको बाहर का रास्ता दिखाने की जरूरत पड़ी तो बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा था कि अब वरिष्ठता और मैरिट के आधार पर ही काम होगा। राजिंदर कौर भट्टल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से नहीं बल्कि दो-मुंहे नेताओं से नाराज हैं।
‘दोहरे चरित्र वाले नेताओं से पार्टी को नुकसान’

उन्होंने कहा कि अब यह रिवाज बन गया है कि कई लोग दोनों तरफ पैर रखते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। भट्टल ने कहा कि राहुल गांधी ने आगे बढ़कर पार्टी का नेतृत्व किया और कड़ी मेहनत की है और अब भी कर रहे है। उन्होंने कहा कि कई नेता अपने गुट के लोगों को कागजी नेता बनाकर आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं, जिससे नेता तो मजबूत हो जाते हैं, लेकिन पार्टी कमजोर हो जाती है।
भट्टल ने कहा कि राजीव गांधी और स्व. इंदिरा गांधी के पास रिपोर्ट होती थी कि कौन सा नेता क्या कर रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा बहुत मजबूत है और पार्टी एकजुट होकर आगे भी बढ़ रही है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बहुत मेहनत कर रहे हैं। लेकिन, इसके बावजूद पार्टी में ऐसे दोहरे चरित्र वाले नेताओं की साजिशों से पार्टी को नुकसान हो रहा है।