मुख्यमंत्री भगवंत मान की मांग पर ध्यान, आश्वासन दिया परियोजनाएं जल्द पूरी हो जाएंगी
होशियारपुर। (अनिकेत शर्मा) केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को होशियारपुर में थे। मंत्री ने दौरे के दौरान जालंधर से जुड़े चार प्रोजेक्टों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने होशियारपुर और आस-पास के एरिया में चार हजार करोड़ की 29 एनएच परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
अपने भाषण में गडकरी का मुख्य फोकस विकास के लिए अच्छी सड़कों के निर्माण पर रहा।
उन्होंने कहा कि कैसे उन्हें अपने देश में बेहतरीन सड़कें बनाने की प्रेरणा मिली। उन्होंने अपने ऑफिस में भी लिख कर लगा रखा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति सड़कों को विकास की पहली सीढ़ी मानते थे।
ये रहीं वो लाइन –
AMERICA’S ROADS ARE NOT GOOD BECAUSE AMERICA IS RICH
AMERICA IS RICH BECAUSE AMERICAN ROADS ARE GOOD
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी राज्य और देश का विकास करना है तो इंफ्रास्ट्रक्टर बहुत अच्छा बनाना होगा। उनमें सड़कें पहले नंबर आती हैं। वाटर, पावर, ट्रांसपोर्टेशन और कम्युनिकेशन के साधन अगर बेहतर हैं कैपिटल इन्वेस्टमेंट आएगी। लोग निवेश करेंगे तो व्यापार बढ़ेगा। व्यापार बढ़ेंगे तो रोज़गार के मौके बढ़ेंगे और इससे गरीबी दूर होगी। इससे देश और हम समृद्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि अगर रोड अच्छे होंगे तो किसान और ग्रामीण लोगों को बहुत फायदा होगा। उनको अपना अनाज और उत्पादन बेचने में आसानी होगी। इसके अलावा उन्होंने अपने किसान होने का भी उदाहरण दिया कि कैसे सड़कें उनको काम को आसान बनाती हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कार्यप्रणाली का भी जिक्र किया कि वो सड़कों को बहुत महत्व देते थे। उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट बिना समय लिए मंज़ूर कर दिए थे।
जालंधर-होशियारपुर रोड पर काम जल्द पूरा होगा
लंबे समय से लंबित जालंधर-होशियारपुर रोड पर काम पूरा करने की मुख्यमंत्री भगवंत मान की मांग पर ध्यान देते हुए, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया कि परियोजनाएं जल्द ही पूरी हो जाएंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र किया और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अकेले ऐसे नेता थे जिन्होंने साढ़े छह लाख गांव में से करीब 3 लाख गांव पक्की सड़कों से जोड़े थे।
गडकरी ने यहां दशहरा ग्राऊंड में रैली को भी सम्बोधित किया। हजारों की संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ता नारे लगाते दिखे।