जालंधर। DBA Jalandhar election : जिला बार एसोसिएशन (DBA) जालंधर के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर चुनावी तस्वीर सामने आ गई है। रिटर्निंग ऑफिसर्स की ओर से 3 सितंबर को जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक प्रधान पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें एडवोकेट रजिंदर कुमार, रतन दुआ और तरसेम सिंह टाक शामिल हैं। इसके साथ ही सचिव समेत अन्य पदों पर भी मुकाबला तय हो गया है।
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए एडवोकेट कुनाल गोयल और सन्नी कुमार आमने-सामने हैं। जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर हरमनप्रीत सिंह जौहल, प्रदीप कुमार शर्मा और रॉबिन सेठी के बीच मुकाबला होगा।
वाइस प्रेसिडेंट (महिला) पद के लिए छाया खुल्लर और सुदेश कुमारी मैदान में हैं। वहीं सचिव पद पर अमरिंदर सिंह थिंड और राकेश धीऱ के बीच सीधा मुकाबला है।
ज्वाइंट सेक्रेटरी के लिए धीरज कुमार भगत और कृष्ण कुमार शर्मा, जबकि असिस्टेंट सेक्रेटरी पद के लिए मधु बाला शर्मा और रवीना सेठी चुनाव लड़ रही हैं।
12 एग्जीक्यूटिव उम्मीदवार, 10 का होगा चयन,
इस बार एग्जीक्यूटिव मेंबर पद का मुकाबला खासा दिलचस्प रहने वाला है। रिटर्निंग ऑफिसर्स द्वारा जारी सूची में कुल 12 उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें अनु सोढ़ी, अपूर्वा बख्शी, अरविंद कुमार, अश्विनी दादरा, बलविंदर कौर, हितेन, मानवी उप्पल, मोहित सेपला, नवनीत कौर, रोहन कांत, रोहित मसीह और तजिंदर सिंह शामिल हैं।

इन 12 उम्मीदवारों में से 10 का चयन होगा, यानी दो उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ेगा। महिला आरक्षण के चलते एग्जीक्यूटिव पदों के नतीजों पर भी खास नजर रहेगी।
5 सितंबर को स्क्रूटिनी और नाम वापसी
चुनाव प्रक्रिया में अगला महत्वपूर्ण दिन 5 सितंबर होगा। इस दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर भी मिलेगा। इसके बाद ही यह साफ होगा कि अंतिम चुनावी मैदान में कितने उम्मीदवार रहेंगे।
DBA चुनाव 11 सितंबर को होंगे और मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। करीब 3,337 पंजीकृत वकील इस चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन्हीं मतदाताओं के हाथों में जिला बार एसोसिएशन की अगली कमेटी की कमान होगी।
इस बार तीन सीटें महिला वकीलों के लिए आरक्षित हैं, जिसके चलते महिला उम्मीदवारों की भूमिका और एग्जीक्यूटिव मेंबरों के परिणाम विशेष रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
अब 5 सितंबर की स्क्रूटिनी और नाम वापसी के बाद ही DBA जालंधर चुनाव की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल प्रधान पद पर तीन तरफा मुकाबला और एग्जीक्यूटिव मेंबरों की 12 उम्मीदवारों वाली सूची ने चुनावी मुकाबले को खासा रोचक बना दिया है।





