जालंधर। IRCTC / इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन ने भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले यात्रियों के लिए विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा की है। IRCTC की ओर से ‘दक्षिण भारत यात्रा’ के तहत भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन चलाई जाएगी, जो 14 नवंबर 2026 को जम्मू से रवाना होकर 26 नवंबर 2026 को वापस लौटेगी।
यह यात्रा 12 रात और 13 दिन की होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के कई प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
इन प्रमुख तीर्थस्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा में रामेश्वरम स्थित श्री रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी के आसपास के प्रमुख स्थल, तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर और कांचीपुरम के मंदिरों के दर्शन शामिल हैं। IRCTC के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना है।
यात्रा के लिए जम्मू तवी, पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, SAS नगर मोहाली, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, नई दिल्ली, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, ग्वालियर जंक्शन और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी समेत कई बोर्डिंग स्टेशन निर्धारित किए गए हैं।
तीन श्रेणियों में पैकेज
IRCTC ने यात्रियों के लिए तीन श्रेणियां रखी हैं। SL (इकोनॉमी) पैकेज की कीमत 26,895 रुपये, 3AC (स्टैंडर्ड) की कीमत 42,605 रुपये और 2AC (कम्फर्ट) की कीमत 56,830 रुपये, GST सहित रखी गई है।
पैकेज में ट्रेन की यात्रा के साथ भोजन, सड़क परिवहन, होटल में ठहराव, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण और यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। IRCTC के मुताबिक यात्रा में ऑन-बोर्ड मनोरंजन, हाउसकीपिंग, सुरक्षा एवं पैरामेडिकल सहायता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इच्छुक यात्री IRCTC Tourism की वेबसाइट www.irctctourism.com पर या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। 7888831633 पर कांटेक्ट कर सकते हैं।





