Richest Ganpati: गणेशोत्सव सिर्फ आस्था का पर्व नहीं है। यह शहर और व्यक्ति की पहचान के रूप में भी मनाया जाता है। कुछ इसी सोच के साथ मुंबई के सॉयन में किंग्स सर्कल का गौड़ सारस्वत ब्राह्मण (GSB) सेवा मंडल इस बार चर्चा में है। हालाँकि यह मंडल अपने महागणपति की भव्यता के कारण हर साल खास आकर्षण में रहता है पर इस बार बप्पा का स्वरूप कुछ ज्यादा ही चर्चा में है।
‘विराट दर्शन’ के दौरान महागणपति का फर्स्ट लुक (First Look) सामने आया तो श्रद्धालुओं की आँखे खुली रह गईं। बप्पा को 66 किलो से ज्यादा सोना और 335 किलो चांदी के गहनों से सजाया गया है .
2026 में GSB सेवा मंडल 72वां गणेशोत्सव मना रहा है। यह उत्सव पांच दिन चलेगा। इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत महागणपति की भव्य सजावट के साथ-साथ इसका विशाल इंश्योरेंस कवर भी है।
GSB सेवा मंडल के मुताबिक इस साल महागणपति को 66 किलो से ज्यादा सोने के आभूषण, 335 किलो से ज्यादा चांदी और कीमती रत्नों से सजाया गया है। इनमें से बड़ी संख्या में आभूषण श्रद्धालुओं और सेवादारों की ओर से दान किए गए हैं। सोने और चांदी की बड़ी मात्रा के कारण GSB महागणपति को मुंबई के सबसे समृद्ध गणपति मंडलों में गिना जाता है।
इस बार GSB सेवा मंडल ने गणेशोत्सव के लिए ₹703.27 करोड़ का इंश्योरेंस कवर लिया है। यह पिछले साल के करीब ₹474 करोड़ के कवर से काफी ज्यादा है। इंश्योरेंस में महागणपति, आभूषणों और आयोजन से जुड़े दूसरे मूल्यवान सामान के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को भी कवर किया गया है।
मंडल के प्रवक्ता अमित पई ने कहा कि इस साल हमने ₹703.27 करोड़ का गणेशोत्सव इंश्योरेंस कवर लिया है। जिम्मेदार मंडल होने के नाते हर श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।





