All India Police Games आर्म्स रेसलिंग में मेंस रनरअप ट्रॉफी पर कब्जा
मधुबन (हरियाणा)। All India Police Games : हरियाणा के मधुबन में चल रहे ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में पंजाब पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्म्स रेसलिंग में रनरअप ट्रॉफी अपने नाम की है। पंजाब पुलिस की टीम के लगभग हर खिलाड़ी ने प्रतियोगिता में कोई न कोई पदक हासिल किया, जिससे टीम का प्रदर्शन चर्चा में रहा।
आर्म्स रेसलिंग में पंजाब पुलिस की ओर से हिस्सा लेने वाले SDRF के प्रभजीत सिंह ने ओपन कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। प्रभजीत सिंह ने पहली बार ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में हिस्सा लिया और अपने पहले ही प्रयास में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रभजीत सिंह के पिता जरनैल सिंह ने रब्ब का शुक्रिया अदा करते हुए उसके और आगे बढ़ने की अरदास की। पदक जीतने पर उनके साथी सुखविंदर सिंह सुक्खी, राजकुमार चड्ढा, साहिल, नोनी मट्टू, निर्मल सिंह ढिल्लों (करतार फिन ) ने उन्हें बधाई दी। साथियों ने उम्मीद जताई कि प्रभजीत सिंह भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब पुलिस, परिवार और दोस्तों का नाम रोशन करेंगे।





