जालंधर । Seth Hukam Chand School news : स्कूलों में छुट्टी के समय बहुत से ऐसी बसें और ऑटो वाले दिख जायेंगे जो बच्चों को ठूस ठूस कर बिठाते हैं और बेफिक्री से वाहन चलाते हुए जाते हैं। ऐसे बहुत से स्कूल हैं जिनके नाम यहाँ पर लिए जा सकते हैं पर हाल ही में कपूरथला रोड से फुटबॉल चौक तक जाते वक़्त सेठ हुक्म चंद स्कूल के ऑटो वाले से पाला पड़ा।
सेठ हुक्म चंद स्कूल के एक ऑटो वाले ने आगे की सीट पर भी स्टूडेंट बिठा रखे थे और पीछे जहाँ सामान रखा जाता है वहां पर भी तीन बच्चे बिठा रखे थे जो शायद थकान की वजह से बार बार सिर को अपने घुटनों में दे रहे थे। अगर बच्चे को सारा दिन थकान की वजह से झपकी आ जाये और वो धक्का लगने से गिर जाये तो नुक्सान सिर्फ जान का होगा ।
अब सोचने वाली बात है कि अगर भगवान न करे कोई हादसा हो तो नुक्सान बहुत ज्यादा होगा। अब यह किस किस की गलती है जो ऐसा हो रहा है। पहला सवाल पेरेंट्स से जो इस बात को अनदेखा करते हैं कि ऑटो वाला बच्चा सही से ला रहा, ले जा रहा या नहीं। दूसरा स्कूल वालों से पूछा जाना चाहिए कि कोई इस बात की चेकिंग करता है कि नहीं कि किस ऑटो में कितने बच्चे जा रहे। स्टूडेंट्स सही से बैठे हैं या नहीं। लड़के -लड़कियां सेफ हैं या नहीं। बच्चे रास्ते में शरारत करते हैं या नहीं ।

पुलिस भी आँखे मूंदे हुए है
तीसरी जिम्मेवारी पुलिस वालों की भी है जो यह सब देख कर अनदेखा करते हैं। कपूरथला चौक पर और फुटबॉल चौक पर इनका पक्का नाका है तो कैसे कोई नियम तोड़ दे। आजकल लोग रोड पर सही से गाड़ी नहीं चलाते जिसका खामियाजा यह बच्चे भुगत सकते हैं । समय रहते अगर स्कूल, पेरेन्ट्स या फिर पुलिस वाले न सुधरे तो सिर्फ हाथ मलना पड़ेगा ।





