Guru Ravidass Ji : ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन यूनाइटेड किंगडम ने तैयार करवाई पुस्तक
जालंधर । Guru Ravidass Ji -संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन, क्रांतिकारी दर्शन, मानवतावादी विचारधारा और सामाजिक बराबरी के सर्व-साझे संदेश को समर्पित पुस्तक सिक्किम भवन, पंचशील मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष और प्रभावशाली समारोह के दौरान सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यंत कुमार गौतम जी द्वारा लोकार्पित की गई। यह पुस्तक ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन यूनाइटेड किंगडम द्वारा विशेष तौर पर तैयार और प्रकाशित करवाई गई है।
इस साहित्यिक और ऐतिहासिक प्रयास का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं, मानवीय समानता, सामाजिक न्याय, आपसी भाईचारे और मानवीय मूल्यों के संदेश को देश-विदेश के पाठकों, विद्वानों, शोधकर्ताओं और युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है।
यह महत्वपूर्ण पुस्तक सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी और प्रख्यात लेखक श्री रूप लाल रूप, जालंधर द्वारा पंजाबी भाषा में लिखी गई है, जिसका अंग्रेजी में अनुवाद भारत के पूर्व राजदूत श्री रमेश चंद्र द्वारा किया गया है। इस पुस्तक के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन, बाणी और सामाजिक चिंतन के विभिन्न पहलुओं को पाठकों के सामने पेश करने का प्रयास किया गया है। पंजाबी पुस्तक का अंग्रेजी में अनुवाद होने से इसकी पहुंच अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ेगी और विश्व भर में बसे भारतीय समुदाय के साथ-साथ विदेशी विद्वानों और शोधकर्ताओं को भी गुरु साहिब की महान विचारधारा को समझने का अवसर मिलेगा।
इस विशेष समारोह के अवसर पर ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन यूनाइटेड किंगडम के चेयरमैन ओम प्रकाश बाघा और सचिव सतपाल, फाउंडेशन से जुड़े श्रीतरसेम कल्याण, पुस्तक के लेखक रूप लाल रूप और राजेश बाघा पूर्व चेयरमैन पंजाब राज्य अनुसूचित जातियां आयोग, ऑल इंडिया प्रधान ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन यूनाइटेड किंगडम (भारतीय शाखा), मुख्य संरक्षक पाथवे ग्लोबल अलायंस और महामंत्री भाजपा पंजाब सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
इस पुस्तक के प्रकाशन में ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन यूनाइटेड किंगडम के पदाधिकारियों और सहयोगियों द्वारा विशेष योगदान दिया गया है।
महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित
इस पुस्तक की विशेष महत्ता इस बात में भी है कि इसे श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के महान लक्ष्य को मुख्य रखते हुए तैयार करवाया गया है। यह पुस्तक केवल गुरु साहिब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि उनके जीवन, दर्शन, बाणी और सामाजिक चिंतन के बारे में अध्ययन करने वाले विद्वानों, इतिहासकारों और शोधकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और साहित्यिक दस्तावेज के रूप में भी विशेष महत्व रखती है।





