Laljit Singh Bhullar – जेलों में मोबाइल फोन के अवैध उपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे
Laljit Singh Bhullar-आपराधिक तत्वों की गतिविधियों को पूरी तरह रोका जायेगा
चंडीगढ़, 26 सितंबर:
पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर/ Laljit Singh Bhullarने आज यहां राज्य के नए जेल मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। हाल ही में हुए कैबिनेट फेरबदल के दौरान जेल विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री भुल्लर को सौंपी गई है।
कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राज्य की जेलों को सही मायनों में सुधार गृह बनाना रहेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की जेलों में बंद कैदियों को सुधार कर उन्हें अच्छे नागरिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सजायाफ्ता कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें स्वरोजगार शुरू करने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
भुल्लर ने कहा कि राज्य की जेलों में मोबाइल फोन के अवैध उपयोग और आपराधिक तत्वों की नापाक गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की जेलों को नवीनतम सुरक्षा उपकरणों से लैस करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जेल मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि पंजाब सरकार कैदियों के सुधार और सजा पूरी करने के बाद उन्हें एक बेहतर नागरिक के रूप में समाज में पुनः शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अन्य के अलावा अलोक शेखर, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेल, अरुण पाल सिंह, ए.डी.जी.पी. जेल एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।