Punjab : ब्रिटिश कोलंबिया के उत्तर-पश्चिमी सरे में वॉलमार्ट की पार्किंग में पंजाब मूल के एक 24 वर्षीय व्यक्ति और एक 23 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। माना जा रहा है कि यह एक ‘टारगेटेड अटैक’ (सोच-समझकर किया गया हमला) था, जिसका संबंध संगठित अपराध से हो सकता है।
यह घटना रविवार रात 10:30 बजे के कुछ देर बाद 88वें एवेन्यू और 124वीं स्ट्रीट के पास हुई। मारे गए लोगों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की गई है, लेकिन वह हथियारों से जुड़े अपराधों के कारण पुलिस की जानकारी में था और उस पर ऐसे ही मामलों में आरोप भी चल रहे थे। महिला डेल्टा की रहने वाली थी, उसकी पहचान भी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान, ‘इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम’ (IHIT) की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा, “इस घटना में संगठित अपराध के स्पष्ट संकेत दिख रहे हैं।”
फोंग ने बताया कि ऐसा लगता है कि इन दोनों लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया गया था। सरे पुलिस सर्विस के अनुसार, घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वालों (फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स) ने उन्हें बचाने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोलीबारी के कुछ देर बाद, घटनास्थल से लगभग पांच मिनट की दूरी पर प्रिंसेस ड्राइव के 9700-ब्लॉक में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने इसी सफेद सेडान कार का इस्तेमाल किया था।
स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्होंने धमाकों की आवाज सुनी और बाहर जाकर देखा, तो एक कार आग की लपटों में घिरी हुई थी।
सोमवार को जांचकर्ताओं ने वॉलमार्ट की पार्किंग को घेर लिया और फॉरेंसिक टीमों ने वहां से सबूत जुटाए। पुलिस के एक टेंट के नीचे एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार मिली, जिसकी विंडशील्ड पर गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते थे।
फोंग ने कहा कि पुलिस पीड़ितों के परिवारों को सूचित करने की प्रक्रिया में है, जिसके बाद ही उनकी पहचान सार्वजनिक की जाएगी। परिवारों को जानकारी देने के बाद ही उनके नाम बताए जाने की उम्मीद है।
इस दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





