नेशनल डेस्क। mysterious illness : एक रहस्यमयी बीमारी के कारण पांच दिनों के भीतर पांच बच्चों की मौत हो गई है, जिनमें दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं। आठ और बच्चों का इंफेक्शन होने पर इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बच्चों को एक जैसी समस्याएं हुईं और वे चल बसे।
अधिकारियों ने बताया कि ये घटना राजस्थान के सलूंबर जिले में हुई है। लोगों में रोष है और जिनके बच्चे गए हैं उनकी हालत देखी नहीं जा रही।
अधिकारियों ने बताया कि दो से चार साल की उम्र के इन बच्चों में कथित तौर पर बुखार और उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दिए और 24 घंटे के भीतर ही उनकी मौत हो गई।
mysterious illness के ये मामले लसाड़िया उप-मंडल के लालपुरा और घाटा गांवों से सामने आए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नमूने इकट्ठा करने और स्थिति पर नज़र रखने के लिए तैनात किया गया है।
मृतकों की पहचान लालपुरा गांव के दीपक (4), उसके भाई लक्ष्मण (3) और सीमा (4) के रूप में, तथा घाटा गांव के राहुल (4) और काजल (2) के रूप में की है।
अधिकारियों ने बताया कि आठ अन्य बच्चों का फिलहाल सलूंबर और उदयपुर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट दिनेश राय सपेला ने बताया कि प्रभावित गांवों में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की गई है; इन गांवों में 560 से अधिक घर हैं।
उन्होंने कहा, “चिकित्सा टीमों ने स्क्रीनिंग की है और जिस भी व्यक्ति में लक्षण दिखाई देंगे, उसका इलाज किया जाएगा।” उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि यदि बच्चों में बीमारी के कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महेंद्र परमार ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए RNT मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, और बीमारी का सटीक कारण रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा।
एहतियाती कदम के तौर पर, पशुपालन विभाग की टीमों ने घाटा गांव में पशुओं के बाड़ों में कीटाणुनाशक का छिड़काव भी किया।
स्थानीय विधायक थावरचंद डामोर ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निवासियों से आग्रह किया कि लक्षण दिखाई देने पर वे तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें और अंधविश्वास से दूर रहें।





