जालंधर। RAILWAY NEWS : जम्मू तवी की तरफ जाने वाली ट्रेनें अब चंडीगढ़ नहीं रुकेंगी। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के चलते जम्मू तवी से टाटानगर और संबलपुर जाने वाली तथा जम्मू तवी आने वाली ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
निर्धारित अवधि में ये ट्रेनें चंडीगढ़ स्टेशन के बजाय साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर रुकेंगी। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के चंडीगढ़ स्टेशन पर 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक प्रस्तावित है।
इसके मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित ट्रेनों को मोहाली स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस आठ सितंबर से 13 अक्टूबर तक साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर रुकेगी। वहीं 18101 टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस नौ सितंबर से 13 अक्टूबर तक मोहाली स्टेशन पर ठहराव करेगी।
जम्मू तवी से रवाना होने वाली 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस नौ सितंबर से 13 अक्टूबर तक तथा 18102 जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस भी निर्धारित अवधि में मोहाली स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़ स्टेशन पर ब्लाक के कारण ट्रेनों के ठहराव में यह बदलाव अस्थायी तौर पर किया गया है।
यात्रियों को कुछ दिनों के लिए अपने रूटीन ट्रैवल को इस आदेश को देखते हुए प्लान करना होगा।





