Fire breaks out in a moving canter on highway
राजपुरा-पटियाला नेशनल Highway पर चलते एक कैंटर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कैंटर में लदा करीब तीन टन ब्रांडेड कपड़े, जूते और कीमती स्पेयर पार्ट्स जलकर राख हो गए। हादसे में 21 वर्षीय चालक आयुष वर्मा गंभीर रूप से झुलस गया।
रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के इंचार्ज भूपिंदर सिंह के अनुसार, कैंटर अंबाला स्थित एक वेयरहाउस से करीब तीन टन सामान लेकर बठिंडा जा रहा था। चैतन्य टेक्नो स्कूल के पास पुल के नजदीक अचानक वाहन में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के बाद कैंटर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसका दरवाजा खुल गया। चालक आयुष ने चलती गाड़ी से छलांग लगाकर जान बचाई, लेकिन इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गया।
SSF टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को राजपुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कंपनी के कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने के बाद करीब तीन टन माल होने की पुष्टि हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग में पूरी खेप जलकर नष्ट हो गई। वहीं, मौके पर अफरा-तफरी के दौरान कुछ लोगों द्वारा सामान उठाकर ले जाने की भी सूचना मिली है। कंपनी नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेयर भेज रही है।
आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
Highway





