जालंधर। DBA JALANDHAR/ जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) जालंधर के आज संपन्न हुए चुनाव में रतन दुआ ने प्रधान पद पर जीत दर्ज करते हुए नई टीम की अगुवाई अपने हाथों में ले ली है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में जश्न का माहौल बन गया। कई समर्थकों ने ढोल की थाप पर खुशी मनाई, जबकि युवा वकीलों ने अपने प्रत्याशियों की जीत पर पटाखे फोड़े।
रतन को 1703 वोट मिले वहीं अमरिंदर सिंह 1245 वोट लेकर सचिव निर्वाचित हुए। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर कुनाल गोयल ने बाजी मारी। उन्हें 1062 वोट मिले। महिला वाइस प्रेसिडेंट पद पर सुदेश कुमारी ने 1319 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें रॉबिन सेठी 876 वोट लेकर विजयी रहे। ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर धीरज कुमार ने 1127 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि असिस्टेंट सेक्रेटरी पद पर रवीना सेठी 1125 वोट लेकर निर्वाचित हुईं।
एग्जीक्यूटिव मेंबर के तौर पर 10 उम्मीदवार विजयी
डीबीए की नई टीम में एग्जीक्यूटिव मेंबर्स के तौर पर अनु सोढ़ी, अपूर्वा बक्शी, आरिफ कुमार, बलविंदर कौर, मानवी उप्पल, मोहित सेपला, नवनीत कौर, रोहन कांत, रोहित मसीह और तजिंदर सिंह ने जीत हासिल की। ये सभी अब जिला बार एसोसिएशन की नई टीम का हिस्सा होंगे।

रिजल्ट से पहले ही शुरू हो गया था जश्न
चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही बार परिसर का माहौल बेहद दिलचस्प नजर आया। जिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को अपनी जीत का भरोसा था, वे पहले से ही गले में फूलों के हार डाले नजर आए। कई स्थानों पर ढोल बजने शुरू हो गए थे और समर्थक जीत के जश्न की तैयारी में जुटे थे। स्टेज पर पूर्व प्रधान आर के भल्ला, आदित्य जैन, मनदीप सचदेवा आदि मौजूद रहे।





