CM MANN को ऐसे आरोपों का जवाब तुरंत देना चाहिए
मांग : शीतल मुख्यमंत्री के परिवार पर लगाए आरोपों के सबूत सार्वजनिक करे
जालंधर। जालंधर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुराल द्वारा CM MANN के परिवार पर लगाए गए आरोपों पर कहा कि CM MANN को या तो इन आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए या फिर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। चन्नी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि शीतल अंगुराल ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री का परिवार एक विधायक के माध्यम से अवैध काम करने के लिए करोड़ों रुपये ले रहा है। वीडियो में शीतल अंगुराल ने मुख्यमंत्री की पत्नी और बहन पर सट्टेबाजी, लॉटरी और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए विधायक के जरिये पैसे लेने का आरोप लगाया है, जो कि बेहद गंभीर है।
उन्होंने शीतल अंगुराल से CM MANN के परिवार पर लगे आरोपों के सबूत सार्वजनिक करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को भी ऐसे आरोपों का जवाब देना चाहिए तथा मुख्यमंत्री की कोई प्रतिक्रिया न मिलने के कारण उन्हें बोलने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को शीतल के आरोपों का आज जवाब दे देना चाहिए था लेकिन इसके विपरीत शीतल अंगुराल को कई मामलों में नामांकित किया गया है।

जो आप के खिलाफ बोलता है, उसका मुँह बंद कर दिया जाता है
उन्होंने कहा कि जो भी आम आदमी पार्टी के खिलाफ बोलता है, उसका मुँह बंद कर दिया जाता है। चन्नी ने कहा है कि CM MANN को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह स्पष्ट बताना चाहिए कि जालंधर में चल रही अवैध गतिविधियों में उनके परिवार की क्या भूमिका है और मुख्यमंत्री का परिवार आज किस आधार पर जालंधर में वोट मांग रहा है। चन्नी ने कहा कि उन्होंने जालंधर की गलियों में घूम कर देखा है कि नशे के कारण घर बरबाद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री का परिवार अवैध गतिविधियों में शामिल है तो राज्य का क्या होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का परिवार यहां जालंधर को बर्बाद करने के लिए आया है।
चन्नी ने कहा कि CM MANN शीतल अंगुराल द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई बताएं और जांच कराएं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त है और सभी अवैध गतिविधियां CM MANN के अधीन चल रही हैं। उन्होंने कहा कि वह जालंधर में अवैध काम करने वाले हर व्यक्ति के दुश्मन हैं। चन्नी ने कहा कि जालंधर में इन चुनावों के बाद सरकार गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि शीतल अंगुराल पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और सांसद मालविंदर सिंह कंग ने आरोप लगाए हैं, लेकिन कंग को बताना चाहिए कि शीतल अंगुराल किसकी राजनीतिक उपज हैं।
उच्च नेताओं ने शीतल अंगुराल से अवैध काम करवाये
आम आदमी पार्टी के उच्च नेताओं ने शीतल अंगुराल से अवैध काम करवाये हैं, जिसके चलते शीतल अंगुराल ने जालंधर में सट्टेबाजी, लॉटरी, ड्रग्स, नशीले पदार्थों तथा रेहड़ी फड़ी से अवैध वसूली करवाई है। उन्होंने कहा कि मालविंदर कंग बताए कि तीन महीने पहले शीतल की क्या छवि थी जब शीतल अंगुराल आम आदमी पार्टी से विधायक थे। चन्नी ने कहा था कि जालंधर के एक और विधायक के अवैध धंधों में शामिल होने के कारण शीतल अंगुराल उनसे दूर भाग गए हैं जो कि शीतल अंगुराल के आरोपों से साबित हो रहा है। चन्नी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जालंधर में सभी अवैध गतिविधियों की मास्टरमाइंड है और इसी के चलते जालंधर WEST हलके के लोग शीतल अंगुराल की बजाए कांग्रेस की साफ सुथरी छवि की उम्मीदवार सुरिंदर कौर को जिताएं तांकि यहां से अवैध धंधों की जड़ें उखाड़ी जा सकें।