KURASH NEWS : कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल नकोदर में होगा ट्रायल, लड़के और लड़कियां दोनों ले सकेंगे हिस्सा
जालंधर । KURASH NEWS: जालंधर जिला कुराश एसोसिएशन की ओर से पंजाब राज्य कैडेट एवं जूनियर कुराश चैंपियनशिप 2026-27 के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल के माध्यम से जालंधर जिले के प्रतिभाशाली लड़के और लड़कियों का चयन किया जाएगा, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एसोसिएशन द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, चयन ट्रायल 30 नवंबर 2026 (सोमवार) को कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, पंडोरी खास रोड, नकोदर में आयोजित होंगे। खिलाड़ियों को सुबह 9 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। वजन जांच और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आयोजन स्थल पर ही पूरी की जाएगी। इसके बाद ट्रायल शुरू होंगे।
गौरतलब है कि पंजाब राज्य कैडेट एवं जूनियर कुराश चैंपियनशिप का आयोजन 1 और 2 दिसंबर 2026 को लुधियाना में कुराश एसोसिएशन ऑफ पंजाब की ओर से किया जा रहा है।
एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित खेल वर्दी में पहुंचें तथा अपने साथ जन्मतिथि का वैध प्रमाण और स्कूल, कॉलेज अथवा संस्थान का पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। खिलाड़ियों को अपनी निर्धारित आयु और वजन श्रेणी के अनुसार ट्रायल में भाग लेना होगा।

जिला जालंधर कुराश एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अवनी कुमार शर्मा ने बताया कि अंतिम चयन एसोसिएशन की अधिकृत चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि केवल निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले और चयनित खिलाड़ियों को ही जिला टीम में शामिल किया जाएगा।
ट्रायल और रजिस्ट्रेशन संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9023680058 पर संपर्क किया जा सकता है।





